इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके ही पति के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि आरोपी ने पहले खुद पर हमला कर हंगामा किया और बाद में पत्नी व बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की। पुलिस के मुताबिक चंदूवाला निवासी शहनाज की शिकायत पर उसके पति मोहम्मद इरशाद पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी चंदूवाला रोड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता सिलाई का काम करती है। रविवार को आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और बेटी को अपशब्द कहने लगा। जब पत्नी शहनाज ने उसे रोका तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पत्नी को डराने के लिए उसने खुद पर ब्लेड से हमला कर लिया। स्टाफ से विवाद कर अस्पताल से भाग गया घायल अवस्था में पत्नी उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया। एमवाय में भर्ती कराकर पत्नी घर लौट आई। इधर आरोपी ने एमवाय अस्पताल में स्टाफ से विवाद किया और वहां से भाग गया। देर शाम घर पहुंचकर फिर मारपीट की देर शाम आरोपी फिर घर पहुंचा और एक बार फिर पत्नी और बेटी के साथ जमकर मारपीट की। घटना से परेशान होकर पीड़िता थाने पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चंदन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, प्रताड़ना और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पति-सास-ससुर पर मारपीट का केस दर्ज एक अन्य मामले में इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट के पास समझौता करने पहुंचे पति और उसके माता-पिता ने बहू और उसके मायके पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर दी। मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति, ससुर और सास के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक स्कीम नंबर 78 निवासी वर्षा भदकारे की शिकायत पर उसके पति अश्विनी, ससुर नारायण और सास मीरादेवी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। वर्षा ने बताया कि उसकी शादी फरवरी 2025 में हुई थी। शादी के कुछ माह बाद पति से विवाद होने पर वह मायके आकर रहने लगी थी। विवाद सुलझाने पहुंचे थे रेस्टोरेंट रविवार को आपसी विवाद सुलझाने के लिए सभी लोग एरोड्रम क्षेत्र में मिडप्लाइट रेस्टोरेंट के पास, चील चौराहे के नजदीक मिले थे। बातचीत के दौरान आरोप है कि पति और ससुर अपशब्द कहने लगे। जब वर्षा के पिता ने इसका विरोध किया तो पति, ससुर और सास ने धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद वर्षा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। एरोड्रम पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


