छतरपुर के सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापक सोते हुए मिले; VIDEO:बर्तन धो रहे बच्चे बोले- खाने में कीड़े निकलते हैं; DEO ने कहा- सस्पेंड करेंगे

छतरपुर जिले की महाराजपुर तहसील के उर्दमऊ स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल के प्रधानाध्यापक क्लासरूम में सोते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि बच्चे झूठे बर्तन धोते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच और कार्रवाई की बात कही है। वायरल वीडियो ग्रामीणों और अभिभावकों की ओर से बनाया गया बताया जा रहा है। इसमें प्रधानाध्यापक नारायण दास सोनी क्लासरूम की मेज पर पैर रखकर सोते दिखते हैं। वहीं, कुछ बच्चे स्कूल परिसर में बर्तन साफ करते नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी देखी गई और इसे सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिससे मामला सार्वजनिक हो गया। पेरेंट्स को देखकर हड़बड़ा गए प्रधानाध्यापक
वीडियो में अभिभावकों और प्रधानाध्यापक के बीच बातचीत भी रिकॉर्ड हुई है। एक व्यक्ति यह कहते हुए सुनाई देता है कि शिक्षक थके होंगे, जिसके बाद प्रधानाध्यापक हड़बड़ाकर कुर्सी पर बैठ जाते हैं। वीडियो में आगे एक महिला बच्चों के हाथ से थालियां छीनती हुई दिखाई देती है, जो संभवतः वीडियो बनाए जाने से नाराज थी। खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल
ग्रामीणों ने बच्चों से मध्यान्ह भोजन को लेकर सवाल किए। एक बच्ची ने बताया कि चावल में कीड़े निकले थे और कढ़ी-चावल परोसा गया था। वहीं, आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक स्टूडेंट ने कहा कि थालियां धोने का काम वही करती है। इन आरोपों के बाद स्कूल में बच्चों से कराए जा रहे कामों और भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान
यह मामला करीब 10 दिन पुराना बताया जा रहा है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अरुण शंकर पांडे ने इस पर संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक को निलंबित किया जाएगा। साथ ही, बच्चों से बर्तन धुलवाने के मामले में संबंधित समूह या एजेंसी पर भी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *