उदयपुर में पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे-27 पर हुए एक्सीडेंट के मामले में सोमवार को चारों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे में मृत एक युवती और तीन युवकों के शवों का गमगीन माहौल में पोस्टमार्टम हुआ। हादसे में उदयपुर के सायरा थाना क्षेत्र के गोदों का गुड़ा निवासी लीला कुंवर(32) की मौत हो गई थी। वहीं, बनासकांठा से कांग्रेस के सांसद गेनीबेन ठाकुर के रिश्तेदार अरविंद भाई ठाकुर(34), विक्रम ठाकुर(28) और प्रकाश ठाकुर(21) की भी मौत हुई थी। ऐसे में महिला के अलावा तीनों मृतकों के शवों को लेकर परिजन गुजरात के बनासकांठा रवाना हो गए। वहीं, मृतक लीलाल कुंवर का शव भी उनके परिजनों को सौंप दिया। हादसे में घायलों का इलाज जारी
वहीं, हादसे में घायल बंशीलाल, प्रताप सिंह, संतोष कंवर, तुलसी, उदय सिंह, गंगाराम और विक्रम का एमबी हॉस्पिटल में इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम घायलों की हालत पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। पुलिस ने ट्रेलर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माणाधीन हाईवे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ट्रेलर से मार्बल ब्लॉक फॉर्च्यूनर पर गिरा, तभी भिड़ती गईं गाड़ियां
घटना रविवार शाम करीब 5:30 बजे गोगुंदा थाना क्षेत्र में पीर बावजी के पास की है। जब मार्बल ब्लॉक से लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। इसमें से एक ब्लॉक पीछे चल रही फॉर्च्यूनर पर गिर गया। जिससे कार बोनट से लेकर बॉडी पूरी तरह पिचक गई। इसके बाद एक-एक कर गाड़ियां उससे भिड़ गईं। हादसे में करीब 7 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। हादसा इतना दर्दनाक था कि गाडियों में फंसे लोगों को गैस कटर से गाडियों को काटकर निकाला गया। हादसे में उदयपुर की महिला लीला कुंवर की मौत हुई। वह परिवार के साथ मंदिर में दर्शन करके लौट रही थी।


