शाजापुर के पंडित बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’ महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर सोमवार दोपहर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के नाम भाजपा जिला अध्यक्ष रवि पांडे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महाविद्यालय में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी, तबादलों और विषय-विशेषज्ञों की नियुक्ति न होने से उत्पन्न शैक्षणिक संकट पर चिंता व्यक्त की गई। एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष रोहित गुर्जर ने बताया कि महाविद्यालय में कई विषयों के प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद रिक्त हैं। हाल ही में हुए कुछ शिक्षकों के तबादलों से स्थिति और गंभीर हो गई है। वार्षिक परीक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन पाठ्यक्रम का एक बड़ा हिस्सा अभी भी अधूरा है। गुर्जर ने आगे कहा कि नियमित कक्षाएं नहीं लगने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई और उनके परीक्षा परिणाम दोनों प्रभावित हो रहे हैं। छात्रों को अपने भविष्य को लेकर चिंता है। ज्ञापन में मांग की गई है कि रिक्त पदों पर शीघ्र अतिथि विद्वानों या नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। जिन विषयों में शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। अनावश्यक तबादलों पर पुनर्विचार करने और परीक्षा से पहले विशेष कक्षाओं की व्यवस्था कराने की भी मांग की गई है। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। छात्रों ने शिक्षा मंत्री से तत्काल हस्तक्षेप कर महाविद्यालय में शिक्षण व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया है।


