अनूपपुर। कलेक्टर हर्षल पंचोली ने धान उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित उपार्जन केंद्र प्रभारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित टीएल बैठक में यह बात कही। कलेक्टर पंचोली ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को जिले के समस्त उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों के उपार्जन की जानकारी समय पर पोर्टल पर अपलोड की जाए। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई होगी। रेडी टू ट्रांसपोर्ट, एफएक्यू और स्व सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे उपार्जन की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में कलेक्टर पंचोली ने सुशासन सप्ताह के तहत जिले में विशेष शिविरों के आयोजन की जानकारी दी। ये शिविर 17 दिसंबर को जैतहरी के वेंकटनगर, 23 दिसंबर को पुष्पराजगढ़ के करपा और 24 दिसंबर को कोतमा के कोठी ग्राम पंचायत में लगेंगे। उन्होंने अधिकारियों को इन शिविरों की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शिविरों में सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएं। इन शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच, आधार अपडेटेशन, आयुष्मान कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री, धरती आबा योजना और जल जीवन मिशन जैसी विभिन्न योजनाओं के तहत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने सभी नगर पालिका अधिकारियों को शीत लहर के मद्देनजर नगरीय क्षेत्रों में अलाव की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा इसकी नियमित निगरानी स्वयं करने को कहा, ताकि नगरीय क्षेत्र स्वच्छ बने रहें।


