छतरपुर के थाना भगवा क्षेत्र के ग्राम विश्वा में एक परिवार पर धारदार हथियार से हमला, लूट और जान से मारने के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित मुकेश राय के परिजन सोमवार दोपहर महिला-बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पुलिस पर मामले को गलत धाराओं में दर्ज करने का आरोप लगाते हुए आवेदन सौंपा। पीड़ित परिवार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि 12 दिसंबर 2025 की रात करीब 8 बजे ग्राम बंधा निवासी इंदू सिंह घोषी अपने साथियों राजेंद्र, जगभान सिंह, महाराज सिंह, राजेंद्र घोषी और जीतेंद्र सिंह घोषी के साथ जबरन मुकेश राय के घर में घुस आया। आरोपियों ने शराब और मुर्गा पार्टी के लिए 5 हजार रुपये की मांग की। रुपए देने से इनकार करने पर किया हमला
रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियार से मुकेश राय के साथ बेरहमी से मारपीट की। परिजनों का कहना है कि इस मारपीट में मुकेश राय को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने घर से करीब 10 तोला सोने का हार और एक लाख रुपये नकद लूट लिए। पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने इस घटना को लूट की धाराओं में दर्ज नहीं किया, बल्कि केवल मारपीट का मामला बनाया। पीड़ित परिवार को आरोपी दे रहे धमकी
पीड़ित परिवार ने आगे बताया कि इलाज के दौरान आरोपी इंदू सिंह कथित तौर पर कट्टा लेकर अस्पताल पहुंचा और मुकेश राय को जान से मारने की कोशिश की। इस घटना की शिकायत भी पुलिस से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मुकेश राय के भाई पहलवान राय ने बताया कि उसका भाई खेत पर बने घर में रहता है। चोरी की घटना में आरोपियों को पकड़ने के बाद उन्होंने मारपीट की और सोना व नकदी लेकर फरार हो गए। थाने में शिकायत देने पर केवल मारपीट की धाराएं लगाई गईं, लूट का उल्लेख नहीं किया गया। परिवार का आरोप है कि आरोपी उन्हें खेत और घर आने-जाने से रोक रहे हैं तथा लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। भयभीत पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले में गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश देने की मांग की है।


