सीहोर जिले में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। शाहगंज पुलिस ने रविवार को लगभग पौने पांच लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, शाहगंज थाना प्रभारी दिनेश चौहान की टीम ने मछवाई स्थित विपिन चौहान के घर पर दबिश दी। घर में बने पानी के टैंक से देशी और अंग्रेजी शराब की कुल 73 पेटियां बरामद की गईं। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 679 लीटर 860 मिलीलीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 4,73,390 रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी विपिन पिता बारेलाल चौहान, निवासी मछवाई के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी विपिन चौहान के खिलाफ वर्ष 2020 में भी इसी धारा के तहत एक अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस फिलहाल फरार आरोपी की तलाश कर रही है। इसके अतिरिक्त, बुदनी पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो ढाबों से शराब जब्त की। बाबूजी ढाबा से लगभग 42.45 लीटर और मिल्की ढाबा से 26.86 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। थाना रेहटी ने ग्राम सोयत में संतोष पिता सुनेरीलाल से 22 क्वार्टर और ग्राम माथनी में सुनील पिता मदन नगर से 18 क्वार्टर अवैध शराब जब्त की।


