जाजू कॉलेज में BCA कोर्स बंद:ABVP ने किया प्रदर्शन, प्राचार्य ने बताया घाटे का सौदा

नीमच के सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय में कई वर्षों से संचालित BCA कोर्स इस वर्ष बंद कर दिया गया है। इस निर्णय से छात्राओं को परेशानी हो रही है, क्योंकि उन्हें अब निजी संस्थानों में अधिक फीस देकर यह कोर्स करना पड़ रहा है। सोमवार दोपहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने इसी मुद्दे पर कॉलेज में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया और प्राचार्य प्रतिभा कालानी को ज्ञापन सौंपा। ABVP ने मांग की है कि BCA कोर्स को जल्द से जल्द पुनः शुरू किया जाए ताकि छात्राएं बिना बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। इस मामले पर प्राचार्य प्रतिभा कालानी ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा कोर्स की फीस में भारी बढ़ोतरी की गई है, जिसे कॉलेज वहन नहीं कर सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि BCA कोर्स अब कॉलेज के लिए लाभदायक नहीं रहा। प्राचार्य के अनुसार, BCA की 60 सीटें हैं और प्रत्येक छात्र से ₹11,000 फीस ली जाती है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों से 25 से अधिक छात्राएं प्रवेश नहीं ले रही थीं, जबकि चार शिक्षकों को नियुक्त करना पड़ता था। कोर्स जारी रखने के लिए ₹10 लाख की एफडी, AICTE और एफिलिएशन फीस सहित कई अन्य शुल्क बढ़ा दिए गए थे, जिससे छात्रों की फीस से यह कोर्स चलाना संभव नहीं था। कोर्स का पंजीकरण भी जनवरी से पहले नहीं हो पाया था। प्राचार्य कालानी ने कहा कि यदि कॉलेज के आय के स्रोतों और जन भागीदारी की राशि में वृद्धि होती है, और प्रवेश लेने वाली छात्राओं की संख्या बढ़ती है, तो कॉलेज प्रशासन कोर्स को फिर से शुरू करने पर विचार करेगा। दूसरी ओर, ABVP के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि BCA कोर्स जल्द शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *