नरसिंहपुर जिले में रबी सीजन के दौरान खाद की किल्लत किसानों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। सालीचौका क्षेत्र में यूरिया खाद के लिए किसान घंटों लाइन में खड़े होने को मजबूर हैं। सोमवार को सालीचौका के पौढार तिराहे स्थित सरकारी डबल लॉक खाद विक्रय केंद्र पर लगभग 300 किसानों की लंबी कतार देखी गई। सुबह से लाइन में लगे रहने के बावजूद, सीमित आपूर्ति के कारण कई किसानों को खाद नहीं मिल सकी। खाद की कमी को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है। स्थानीय किसान महिलाओं ने विरोध का एक अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने माँ नर्मदा के भजन-गीत गाकर प्रशासन से खाद उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। महिलाओं का कहना है कि यदि समय पर यूरिया नहीं मिली तो फसलों पर बुरा असर पड़ेगा। इस मामले में कृषि उपसंचालक मोरिस नाथ से जानकारी लेने के लिए फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल काट दी। अधिकारियों के इस रवैये से किसानों में नाराजगी और बढ़ गई है।


