गायों को गुड़-हरा चारा खिलाकर किया गो पूजन:चूरू में प्रदेश सरकार के 2 साल पूरे, गौशाला में गौसेवा कार्यक्रम

चूरू की प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को हनुमानगढ़ी गोशाला में जिला स्तरीय गोसेवा एवं गौ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर चूरू विधायक हरलाल सहारण और जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा सहित अन्य अधिकारियों ने गायों को गुड़ व हरा चारा खिलाया और विधिवत गौ पूजन किया। कार्यक्रम में विधायक सहारण, जिला कलेक्टर सुराणा के साथ बसंत शर्मा, वासुदेव चावला और सीईओ श्वेता कोचर भी मौजूद रहे। सभी ने गोशाला पहुंचकर धर्मार्थ सेवा का संदेश दिया। विधायक हरलाल सहारण ने इस दौरान कहा कि संस्कार और सेवा भावना से ही एक विकसित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने गोसेवा को हमारी सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग बताया और समाज से इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। सहारण ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार प्रत्येक तहसील में नंदीशाला स्थापित कर रही है और विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए भी प्रयासरत है। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने गोसेवा जैसे कार्यक्रमों को मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला बताया। कलेक्टर ने हाल ही में चलाए गए अंगदान महादान कार्यक्रम में चूरू जिले के देश में दूसरे स्थान पर रहने का उल्लेख किया और रक्तदान व अंगदान जैसे मानव सेवा के कार्यों में अधिकतम भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले की पांच तहसीलों में नंदीशाला स्थापित की जा रही हैं। इस मौके पर सीईओ श्वेता कोचर, डीएफओ भवानी सिंह, पशुपालन संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील मेहरा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *