मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिवस के मौके पर भूपालसागर कस्बे में ‘सेवा पर्व पखवाड़ा’ का आयोजन किया गया। सरकार और संगठन की ओर से चलाए जा रहे इस पखवाड़े के तहत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सेवा कार्य किए। इस दौरान भूपालसागर के प्रधान और भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमेन्द्र सिंह राणावत और सरपंच प्यारचंद भील ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ महाराणा प्रताप सर्कल पर श्रमदान किया। कार्यकर्ताओं ने साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और आमजन को सफाई के प्रति प्रेरित किया। प्रधान राणावत ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा आरोग्य शिविर का उद्घाटन किया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना था। इसके बाद, उन्होंने स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उन्हें फल वितरित किए। सेवा पर्व के तहत गौ सेवा भी की गई। प्रधान हेमेन्द्र सिंह राणावत और कार्यकर्ताओं ने कस्बे की गोशाला पहुंचकर गोमाता को लापसी खिलाई। इस अवसर पर प्रधान राणावत ने कहा कि मुख्यमंत्री की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना ही इस सेवा पर्व का मुख्य उद्देश्य है।


