मंडला पार्षद उपचुनाव के लिए तीन नामांकन जमा:कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों ने अंतिम तिथि पर भरे फॉर्म

मंडला जिले में नगरपालिका और पंचायतों के उप-चुनाव 2025 के तहत सोमवार को नामांकन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि थी। इस दौरान मंडला नगर पालिका के वार्ड नंबर 08 (श्रीराम वार्ड) के लिए तीन प्रत्याशियों ने अपने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए। कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों ने भी अपने समर्थकों के साथ फॉर्म जमा किए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस वार्ड से पूर्व पार्षद स्वर्गीय ज्योति चौरसिया की बेटी कृतिका चौरसिया ‘शानू’ को अपना प्रत्याशी बनाया है। कृतिका ने कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा की ओर से भारती चौरसिया ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया है। भाजपा नगर अध्यक्ष रानू राजपूत ने बताया कि कृतिका चौरसिया पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी हैं। भारती चौरसिया ने डमी प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा है। उधर, कांग्रेस ने वार्ड नंबर 08 के लिए ममता चौरसिया को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। ममता चौरसिया ने कांग्रेस शहर अध्यक्ष रजनीश रंजन उसराठे के नेतृत्व में और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जिले में मंडला नगर पालिका के एक पार्षद पद के अलावा ग्राम पंचायतों के लगभग 47 पंचों के लिए भी उपचुनाव होने हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 15 दिसंबर नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि थी। 16 दिसंबर को फॉर्म की जांच की जाएगी, जबकि 18 दिसंबर नाम वापसी की अंतिम तिथि है। इसी दिन अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी और चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान 29 दिसंबर को होगा। पंच पद के लिए मतों की गणना बूथ पर ही 29 दिसंबर को होगी और परिणाम की घोषणा 5 जनवरी को की जाएगी। वहीं, नगर पालिका पार्षद पद के लिए मतगणना और परिणाम की घोषणा 31 दिसंबर को होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *