हरदा में रानी लक्ष्मीबाई मिडिल स्कूल मैदान पर 4 से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाले स्वदेशी मेला का भूमि पूजन सोमवार को हुआ। स्वर्णिम भारत फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस मेले का भूमि पूजन मध्य प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री और स्वदेशी मेला आयोजन के संरक्षक कमल पटेल ने किया। इस अवसर पर कमल पटेल ने स्वदेशी अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जहां पूरा विश्व हथियारों की लड़ाई से तीसरे विश्व युद्ध की ओर बढ़ रहा है, वहीं व्यापारिक कूटनीति से भी युद्ध जारी हैं। ऐसे में स्वदेशी क्रय-विक्रय और रोजगार की भावना ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ का कार्य करती है, जो आर्थिक युद्ध में विजय दिलाती है। उन्होंने स्वदेशी मेले को इस भावना को जन-जन तक पहुंचाने का श्रेष्ठ माध्यम बताया। स्वदेशी मेला सह-संयोजक डॉ. एल.एन. पाराशर ने बताया कि इस वर्ष मेले को बहुत विस्तृत स्वरूप में आयोजित करने की रूपरेखा बनाई गई है। इसमें बच्चों के लिए आकर्षक झूले, वरिष्ठ और नेत्र रोगियों के लिए व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य मेला तथा स्थानीय एवं प्रांतीय स्तर की सांस्कृतिक झलकियां देखने को मिलेंगी। स्वदेशी मेला आयोजन के लिए निर्मित ब्रोशर का विमोचन केंद्रीय मंत्री एवं सांसद दुर्गादास उइके की उपस्थिति में हुआ। उइके ने कहा कि यह मेला ‘स्व’ के भाव को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इससे स्वदेशी भावना को मजबूती मिलेगी। आयोजकों ने बताया कि स्वदेशी मेला पूर्ण अनुशासन और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, मार्गदर्शक नरेंद्र राठी, नरेंद्र भांबू, बनवारीलाल यादव, ओपी राठौर, श्याम छपरवाल, बसंत राजपूत, योगमाया शर्मा, त्रिलोक शर्मा, राजेश कपूर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और समाज सेवी उपस्थित रहे।


