छतरपुर में सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक महिला और युवक के बीच विवाद के दौरान पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात कही जा रही है। वीडियो के सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह घटना घरेलू विवाद से जुड़ी है और फिलहाल थाने में किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वीडियो में एक युवक फोन पर किसी से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि महिला पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं महिला आरोप लगाती दिख रही है कि उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की है। घरेलू विवाद से जुड़ा बताया गया मामला
पुलिस के अनुसार यह घटना सटई थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुरा की है, जहां 13 दिसंबर को महिला अपने पति के पास पहुंची थी। घरेलू बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान महिला के खुद को आग लगाने के प्रयास की बात सामने आई, जिसे समय रहते रोक लिया गया। घटना के समय मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महिला युवक से मोबाइल छीनने और गाली-गलौज करते हुए भी नजर आती है। आसपास मौजूद लोग दोनों को समझाने के साथ हंड्रेड डायल बुलाने और थाने जाने की सलाह देते सुनाई देते हैं। पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महिला ने इससे पहले पति पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट, जबरन धार्मिक गतिविधियों से जुड़े आरोप लगाए थे। 9 सितंबर को न्यायालय में दिए गए एक बयान में महिला ने कहा था कि उसने परिजनों और परिचितों के दबाव में आकर पहले शिकायत दर्ज कराई थी। जानकारी के अनुसार महिला की पहली शादी नाबालिग अवस्था में दमोह निवासी युवक से हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे हैं। बाद में पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात समीर खान से हुई और दोनों ने विवाह कर लिया। तलाक की प्रक्रिया पूरी हुए बिना निकाह करने को लेकर परिवार में विवाद भी हुआ। इसके बाद महिला ने धर्म परिवर्तन और मारपीट जैसे आरोप लगाए थे, जिस पर मई 2025 में थाना मातगुवां में मामला दर्ज हुआ और युवक को जेल भेजा गया था। करीब चार महीने बाद जमानत मिलने पर वह बाहर आया, जिसके बाद महिला ने अपने बयान बदल दिए। मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि 13 दिसंबर को दोनों के बीच घरेलू विवाद हुआ था। महिला को समय रहते रोककर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल वह अपने पति के साथ रह रही है और इस मामले में थाने में कोई नई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


