करौली में साइबर ठगी के 5 आरोपी गिरफ्तार:ऑपरेशन एंटी वायरस 2.0 में पुलिस को मिली सफलता; वाहन, मोबाइल और नकदी बरामद

करौली जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन एंटी वायरस 2.0” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर पुलिस थाना करौली और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से ठगी में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की। एसपी के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के सुपरविजन में गठित टीम ने हिण्डौन क्षेत्र के आसपास सक्रिय साइबर ठगों को पकड़ा। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग स्कॉर्पियो वाहन में घूमकर भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज कमीशन पर हासिल कर रहे थे। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो को जब्त किया। आरोपियों के कब्जे से 2 आईफोन, 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 26,700 रुपए नकद भी बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी मुख्य रूप से वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। वे वीडियो कॉल के दौरान नग्न और अश्लील फोटो व वीडियो रिकॉर्ड कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस ने इस मामले में अलवर, दौसा और करौली जिलों के रहने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से साइबर ठगी के नेटवर्क, उनके अन्य सहयोगियों और पीड़ितों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अनजान वीडियो कॉल, लालच या धमकी से सावधान रहें। साइबर ठगी की किसी भी आशंका या घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *