राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण, डीडवाना में शिविर आयोजित:रक्तदान और आरोग्य सेवाओं का लाभ लेने बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

डीडवाना में राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय में रक्तदान एवं आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने रक्तदान के साथ-साथ विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेन्द्र चौधरी ने बताया कि जिलेभर में कुल 549 आरोग्य शिविर लगाए गए। इन शिविरों के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान, टीबी मुक्त भारत, एनीमिया मुक्त भारत, एनसीडी क्लिनिक, एएनसी रजिस्ट्रेशन, टीकाकरण और आभा रजिस्ट्रेशन जैसे स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित किए गए। डॉ. चौधरी ने यह भी बताया कि जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में आठ रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिनमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कार्यक्रम में डीडवाना भाजपा विधानसभा प्रत्याशी जितेंद्र सिंह जोधा, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेन्द्र चौधरी और राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजीत सिंह शेखावत सहित कई भाजपा नेता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा और डॉ. सोहन चौधरी ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर भी किया गया। शिविर का संचालन कैलाश सोलंकी ने किया। इसमें अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय शर्मा, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. इरफान अली, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जोगेन्द्र ठोलिया के साथ-साथ चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, तकनीकी और पैरामेडिकल स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं। सवाई नर्सिंग कॉलेज के नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने भी शिविर में सक्रिय सहयोग किया। कुचामन सिटी में आरोग्य शिविर आयोजित राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को कुचामन सिटी के राजकीय जिला चिकित्सालय में एक आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राज्य सरकार की वर्षगांठ कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण विभाग के राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिविर का अवलोकन किया। इस आरोग्य शिविर में ओपीडी के तहत मेडिसिन, गायनी, नेत्र रोग और ईएनटी सहित अन्य विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने रोगियों को परामर्श दिया। एनसीडी स्क्रीनिंग के अंतर्गत 30 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों की बीपी, शुगर और सामान्य कैंसर की जांच की गई, जिसका डेटा एनसीडी पोर्टल पर दर्ज किया गया।टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी रोगियों की पहचान कर आवश्यक जांचें की गईं। निक्षय पोषण योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज भी एकत्र किए गए। शिविर में गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आईएफए और कैल्शियम की गोलियां वितरित की गईं। साथ ही हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और वजन की जांच के बाद टीडी तथा शिशु टीकाकरण की प्रविष्टियां पीसीटीएस एवं युविन सॉफ्टवेयर के माध्यम से दर्ज की गईं। मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत शिविर में आए सभी रोगियों की निःशुल्क जांच और उपचार किया गया। आवश्यक दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण हुआ। कुल 1105 रोगियों ने इस शिविर का लाभ उठाया। इनमें 147 बीपी के, 134 शुगर के, 307 मौसमी बीमारियों के, 40 प्रसूति विभाग के, 45 शिशु रोग के और 39 नेत्र रोग से संबंधित रोगी शामिल थे। जांचों में 156 ब्लड टेस्ट और 115 एक्स-रे किए गए। इसके अतिरिक्त, 31 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया और 20 लोगों की आभा आईडी बनाई गई।इस अवसर पर नगर परिषद कुचामन के सभापति सुरेश सिखवाल, बाबूलाल कुमावत, पीएमओ डॉ. शकील अहमद राव, नोडल प्रभारी डॉ. प्रहलाद राम सहित वार्ड पार्षद, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *