सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रतापनगर स्थित आरयूएचएस हॉस्पिटल परिसर में हुए राज्य स्तरीय आरोग्य शिविर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेसियों को लुटेरा बताया। उन्होंने कहा कि वो लुटेरे हमसे बात क्या करेंगे, जो भ्रष्टाचार के जननायक है। इससे पहले सीएम भजनलाल शर्मा ने अपने 2 साल के कार्यकाल और कांग्रेस के 5 साल के कार्यकाल में हुए कामों का जिक्र किया। भ्रष्टाचार की नींव पर काम करने वाली पार्टी को बोलने का अधिकार नहीं उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की नींव पर काम करने वाली पार्टी को बोलने का अधिकार नहीं है। एक-दो लोग तो केवल बोलते ही बोलते हैं- भजनलाल उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर हमला करते हुए कहा, कि एक-दो लोग तो ऐसे हैं जो केवल बोलते ही बोलते हैं। एक-दो ऐसे हैं जिनके पास कहने को तो कुछ नहीं होता, वो केवल ट्वीट करते हैं। हमारे कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं- सीएम भजनलाल युवाओं के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में युवाओं का भविष्य पेपर लीक की भेंट चढ़ता रहा, लेकिन भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। युवाओं को पारदर्शी भर्तियां और रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं और आने वाले समय में और भर्तियां होंगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बिना नाम लिए पूर्व सीएम गहलोत पर हमला बोलते हुए कहा कि दो साल में भाजपा सरकार ने वह काम कर दिखाया, जो कांग्रेस पांच साल में भी नहीं कर सकी। कांग्रेस के समय मिली लूट की छूट मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान योजनाओं में जमकर गड़बड़ियां हुईं, जिनकी कीमत आमजन को चुकानी पड़ी। आरजीएचएस योजना में सामने आई अनियमितताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में निजी अस्पतालों को खुली लूट की छूट मिली हुई थी, लेकिन भाजपा सरकार ने ऐसे हॉस्पिटलों और डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की है और आगे भी कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।


