खैरथल में राजस्थान सरकार के दो साल पूरे होने और सीएम भजनलाल शर्मा के जन्मदिन पर ततारपुर गोशाला में विशेष गो सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मुख्यमंत्री के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई, साथ ही गौ माताओं को गुड़ और हरा चारा खिलाया गया। योजनाओं की सराहना की
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कहा-राजस्थान सरकार का दो साल का कार्यकाल विकास, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए लागू की गई योजनाओं की सराहना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इसी भावना के साथ गौ माता की सेवा कर सरकार की निरंतर सफलता और प्रदेश की समृद्धि की कामना की गई। गोशाला परिसर में मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न हुई। इसके बाद गौ माताओं को गुड़ और पौष्टिक चारा खिलाया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने गौ संरक्षण और गौ सेवा के महत्व पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक हैं, जिनकी सेवा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सद्भाव का संचार होता है। सीएम भजनलाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष महा सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। जिला महामंत्री पवन यादव ने सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। मंडल अध्यक्ष मनीष गुप्ता और पूर्व मंडल अध्यक्ष भवानी शंकर ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु होने की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ गौ सेवा में भाग लिया। अंत में सभी ने प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहने की सामूहिक कामना की।


