गुना जिले में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सोमवार को गुना ग्रामीण तहसील के मावन गांव में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। गांव की कुछ जमीन फैक्ट्री के लिए आवंटित है। इस भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण की बाधाओं को दूर करने के लिए भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। ईंट भट्टे संचालकों के कब्जे को हटाया
टीम ने सर्वे क्रमांक 679/1/6/1 (रकबा 32 हेक्टेयर) पर काबिज ईंट भट्टा संचालकों को मौके से बेदखल कर दिया गया। तहसीलदार (ग्रामीण) कमल सिंह मंडेलिया के नेतृत्व में पहुंची टीम ने भूमि का सीमांकन कर बाउंड्री वॉल के लिए ट्रेंच (खाई) खुदवाने का कार्य शुरू कराया। इस दौरान वहां संचालित ईंट भट्टों को हटाया गया। पर्यावरण संवर्धन का ध्यान रखते हुए मौके पर मौजूद फलदार कटहल के पेड़ों को भी मशीनों के जरिए सावधानीपूर्वक दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। विस्थापित किए बिना हटाने के विरोध में स्थानीय
प्रशासनिक दृष्टि से यह कार्रवाई भले ही नियम सम्मत हो, लेकिन स्थानीय कुम्हार-प्रजापति समाज के लिए यह किसी त्रासदी से कम नहीं है। पिछले कई दशकों से इस क्षेत्र में ईंट भट्टा संचालित कर रहे परिवारों का कहना है कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन उन्हें बिना पुनर्वास के उजाड़ना न्यायोचित नहीं है। हाल ही में समाज के लोगों ने जनसुनवाई में कलेक्टर से गुहार लगाई थी कि इस व्यवसाय से लगभग तीन हजार मजदूरों और आधा सैकड़ा परिवारों का पेट भरता है। वैकल्पिक भूमि नहीं की गई आवंटित
समाज के मनोज प्रजापति और अन्य संचालकों का आरोप है कि प्रशासन ने पूर्व में उन्हें मौखिक आश्वासन दिया था कि जमीन खाली कराने के बदले उन्हें करीब 40 बीघा वैकल्पिक भूमि आवंटित की जाएगी। हालांकि, अब तक कागजों पर एक इंच जमीन भी नहीं दी गई और सीधे बेदखली की कार्रवाई कर दी गई। प्रशासन ने भू-राजस्व संहिता की धारा 248 के तहत इसे अतिक्रमण माना है। भविष्य की चिंता में डूबे परिवार भट्टा संचालकों का दर्द है कि प्रशासन उन्हें अतिक्रमणकारी बता रहा है, जबकि वे वर्षों से इसी मिट्टी से अपना जीवन संवार रहे थे। अब ईंट भट्टों की आग बुझने के साथ ही इन गरीब परिवारों के सामने सिर छुपाने और बच्चों के भविष्य का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों की मांग है कि फैक्ट्री जरूर बने, लेकिन उनकी आजीविका सुरक्षित करने के लिए जल्द से जल्द वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए।


