मंडला में 9वीं-12वीं के स्टूडेंट्स को करियर टिप्स:मंत्री उइके बोलीं- भविष्य सिर्फ अंकों से नहीं, मेहनत और निरंतर प्रयास से बनता

मंडला जिले में विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से आरडी कॉलेज सभागार में ‘प्रोजेक्ट विजयपथ’ का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। यह करियर गाइडेंस कार्यक्रम कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया है, ताकि वे समय रहते अपने लक्ष्य निर्धारित कर सकें। मंत्री संपतिया ने कहा- करियर केवल अंकों पर आधारित नहीं होता मंत्री संपतिया उइके ने इस अवसर पर कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने ‘प्रोजेक्ट विजयपथ’ को युवाओं के सपनों को साकार करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने जोर दिया कि करियर केवल अंकों पर आधारित नहीं होता, बल्कि इसमें रुचि, परिश्रम और निरंतर प्रयास का भी योगदान होता है। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘प्रोजेक्ट विजयपथ’ युवाओं को सही दिशा दिखाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को शुरुआत में ही करियर से संबंधित स्पष्ट जानकारी दी जा रही है, जिससे भविष्य में भ्रम और तनाव से बचा जा सके। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व पर कहा कि संतुलित दिनचर्या, संवाद कौशल में सुधार और मोबाइल के सीमित उपयोग करना चाहिए। कार्यक्रम में मुंबई और जबलपुर से आए विशेषज्ञों ने विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस कार्यक्रम से लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से जिले के 216 विद्यालयों के लगभग 60 हजार विद्यार्थी जुड़े। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया। यह पहल कलेक्टर सोमेश मिश्रा के प्रयासों से शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, तकनीकी और व्यावसायिक अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान करना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *