भास्कर संवाददाता | डूंगरपुर पाटीदार खेल प्रबंध समिति की 33वीं खेल प्रतियोगिता व स्नेह सम्मेलन की पूर्व तैयारी बैठक धंबोला सीमलवाड़ा तहसील के सामने चौरासी पाटीदार समाज भवन में हुई। इसमें माधवलाल पाटीदार विकासनगर की अध्यक्षता और शिवशंकर भेमई का मुख्य आतिथ्य रहा। बैठक में चंद्रकांत पाटीदार पाड़लिया ने बताया कि दिसंबर माह में प्रस्तावित खेल प्रतियोगिता व स्नेह सम्मेलन की पत्रिका विमोचन पाटीदार खेल प्रबंध समिति के संरक्षक, पदाधिकारियों, निर्णायक, खिलाड़ियों व खेलप्रेमी समाज की उपस्थिति में किया। समिति के सचिव जयप्रकाश सिलोही ने प्रतियोगिता में क्रिकेट, वॉलीबॉल इनडायरेक्ट, शूटिंग वॉलीबॉल डायरेक्ट, बैडमिंटन सीनियर, जूनियर, सब जूनियर तथा टेबल टेनिस सीनियर, जूनियर खेलों के लिए मैदानों का चिन्हीकरण, अनुमति, आवश्यक खेल सामग्री, समतलीकरण, साफ सफाई के साथ भाग लेने वाली टीमों के आधार पर मैदानों के पर्यवेक्षक व निर्णायकों की जिम्मेदारी तय करने की चर्चा की। क्रिकेट में कांतिलाल कानपुर, वॉलीबॉल इन डायरेक्ट हरीशचंद्र अंबाड़ा, वॉलीबॉल डायरेक्ट महेंद्र भेमई, बैडमिंटन महेश जसेला व टेबल टेनिस प्रवीण धंबोला को पर्यवेक्षक नियुक्त किया। खेल टाइज का निर्माण 25 दिसंबर को किया जाएगा। जिले में निमंत्रण पत्रिका के वितरण के लिए क्षेत्रवार समितियों का दायित्व सौंपा। संचालन कमलाशंकर झलाप ने किया। आभार प्रवीण धंबोला ने व्यक्त किया।


