भास्कर संवाददाता | उज्जैन सराफा बाजार में दीपावली के लिए मंगवाए आभूषण अभी भी पैक पड़े हैं। सोना-चांदी की अधिक महंगाई से खरीदारों ने यूटर्न लेकर आर्टिफिशियल और चांदी के स्थान पर गीलेड अथवा अन्य धातुओं के आभूषण खरीदे जाने लगे हैं। सराफा बाजार में आगामी व्यापार को लेकर अब गहरी चिंता की जाने लगी है। एक दिन में नए सिरे से सोना 1000 रुपए 10 ग्राम व चांदी में 1500 रुपए की तेजी आ चुकी है। शनिवार को सोना 132200 था जो सोमवार को 133200 हो गया। चांदी शनिवार को 186000 बिकी, जो सोमवार को 187500 हो गई। ऐसे में दुकानदारों का कारोबार बुरी तरह से पिछड़ रहा है। ओरिजिनल सट्टेबाजी से व्यापार प्रभावित हो रहा है। देखा जाए तो ऑनलाइन मशीन में चांदी 197000 और 198000 पर चल रही है, जबकि हाजर में बाजार में 10000 कम भाव पर 187500 में उपलब्ध है।


