भास्कर संवाददाता | बैतूल भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम रिंगाढाना निवासी नंदा बारस्कर ने बेटे दिनेश बारस्कर की मौत को संदिग्ध बताते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि उनके पुत्र की हत्या की गई और इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। आवेदन में बताया है कि दिनेश और एक युवती के बीच पिछले लगभग एक वर्ष से प्रेम प्रसंग था। ग्यारस के दिन दिनेश घर से पूर्णा मेला जाने की बात कहकर निकला, लेकिन रात में वापस नहीं आया। खोजबीन के बाद कुछ दिनों बाद सीतापुर के जंगल में उसका शव मिला। परिजन आरोप लगा रहे हैं कि शव पर मारपीट के निशान थे और गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था। परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या, साक्ष्य छिपाने और पुलिस व स्वास्थ्य विभाग से मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि मृतक का मोबाइल और कॉल डिटेल मामले की सच्चाई सामने ला सकते हैं।


