भास्कर न्यूज | कवर्धा पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय महाराजपुर में छठवें वार्षिक खेल दिवस एवं केन्द्रीय विद्यालय संगठन का 63वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य सुशील कुमार ने की। मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष रहे। प्राचार्य सुशील कुमार ने मुख्य अतिथि को मोमेंटो व गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। अतिथि ने विद्यालय में आयोजित खेल गतिविधियों की सराहना की। सुशील कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से अनुशासन और टीम भावना सीखने का संदेश दिया। खेल दिवस का आयोजन शारीरिक शिक्षक अजीत कुमार चौरसिया के नेतृत्व में समस्त शिक्षकों के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर बास्केटबॉल, रस्साकशी, कबड्डी, टेबल टेनिस तथा 50, 100 एवं 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी खेल गतिविधियों में टैगोर सदन विजेता एवं रमन सदन उपविजेता रहा। आयोजन के बाद विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी केन्द्रीय विद्यालय संगठन का 63वां स्थापना दिवस भी मनाया गया। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, विद्यालय गीत, नाटक एवं काव्य पाठ जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्राचार्य सुशील ने बताया कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन भारत सहित नेपाल, रूस एवं ईरान जैसे देशों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मानवीय मूल्यों के लिए जाना जाता है। वर्तमान में देश-विदेश में 1289 केन्द्रीय विद्यालय संचालित हैं। उन्होंने केन्द्रीय विद्यालय के ध्येय वाक्य शिक्षार्थ आइए, सेवार्थ जाइए को आत्मसात करने की बात कही।


