मौसम विभाग ने सतना और रीवा संभाग में अगले 24 घंटे के लिए ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका असर सोमवार और मंगलवार की सुबह भी देखने को मिला, जब पूरा जिला घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा। कई इलाकों में विजिबिलिटी (दृश्यता) घटकर 5 से 10 मीटर रह गई, जिससे कुछ कदम दूर देखना भी मुश्किल हो गया। दिन में भी छाई रही धुंध, पारा 9.6 डिग्री पर उत्तर भारत से आ रही पछुआ हवाओं के कारण हवा में नमी बढ़ गई है। सुबह नमी का स्तर 95% रहा, जिससे दिन में भी धुंध छाई रही। दोपहर ढलते ही कोहरा फिर घना होने लगा। कड़ाके की ठंड के कारण लोग दिनभर गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। सोमवार को अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे ने रोकी रफ्तार, घंटों देरी से पहुंचीं ट्रेनें घने कोहरे के कारण सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई, वहीं ट्रेनों का संचालन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उत्तर और मध्य भारत में कोहरे की वजह से कई ट्रेनें घंटों देरी से सतना स्टेशन पहुंचीं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


