लुधियाना| मालवा सेंट्रल कॉलेज ऑफ एजुकेशन की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. निरोत्तमा मोदगिल को उनके अध्यापन, लेखन, और सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वेद प्रचार मंडल द्वारा सम्मानित किया गया। यह समारोह मंडल की प्रांतीय अध्यक्षा कुसुम आहूजा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में डॉ. मोदगिल के परिवार के सदस्य और गणमान्य अतिथि शामिल हुए। समारोह का आरंभ प्रार्थना से हुआ और इसके बाद वेदों एवं अन्य विषयों पर आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। प्रतियोगिता के विजेता भुवनेश गोयल, प्रभा सूद, सुनीता कुंद्रा, संजीव गुप्ता, और अरुण भारद्वाज को पुरस्कार प्रदान किए गए। अरुण भारद्वाज ने प्रभु भक्ति का गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंडल के प्रांतीय महासचिव रोशन लाल आर्य ने डॉ. मोदगिल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें संस्था की धरोहर बताया। समारोह में डॉ. मोदगिल को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ. मोदगिल ने अपने संबोधन में आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और अपने कार्य को निष्ठा के साथ जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। मंच संचालन मोनिका अरोड़ा ने कुशलता से किया। समारोह में प्रेम लता गुप्ता, प्रो. उषा अवस्थी, सतीश गुप्ता, ज्योति स्वरूप कंबोज, बाला गंभीर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


