बीकानेर शहर में सर्दी का पहला कोहरा मंगलवार को दिखाई दिया। विजिबिलिटी महज पचास मीटर के आसपास रह गई। लंबे इंतजार के बाद दिसम्बर के तीसरे सप्ताह में बीकानेर शहर में कोहरा नजर आया है। जिसके साथ ही तापमान में भारी गिरावट नजर आ रही है। उधर, इस कोहरे में भी स्कूली बच्चों और कोचिंग के स्टूडेंट्स को खतरे में यात्रा करनी पड़ रही है। बीकानेर में न्यूनतम तापमान घटकर अब दस डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। अब तक शहरी क्षेत्र का न्यूनतम पारा दस डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही चल रहा था। अब अचानक तापमान में गिरावट के बाद शहर में सर्दी का असर बढ़ गया है। कड़ाके की सर्दी का इंतजार हालांकि अब भी बना हुआ है। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरा पहले से चल रहा है। खासकर लूणकरनसर और श्रीडूंगरगढ़ के गांवों में लगभग हर रोज ही तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। लूणकरनसर तो प्रदेश में सबसे ठंडा क्षेत्र भी रह चुका है। वर्तमान में इन कस्बों और इनके गांवों में तापमान पांच से छह डिग्री सेल्सियस के बीच है। अभी गिरेगा तापमान बीकानेर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में तापमान में अभी और गिरावअ आने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में बीकानेर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 19 दिसम्बर तक कोहरा रहने की संभावना जताई गई है। बीकानेर संभाग के चूरू और सीकर के कुछ हिस्से में घना कोहरा रह सकता है। कोचिंग और स्कूल समय से परेशानी राज्य सरकार ने एक आदेश जारी कर प्रदेश के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल का समय सुबह दस बजे से चार बजे तक किया है लेकिनअधिकांश प्राइवेट स्कूलों ने ये समय नहीं रखा। प्राइवेट स्कूल सुबह आठ से नौ बजे के बीच शुरू हो रहे हैं। इससे स्कूली बच्चों को सुबह सात बजे ही घर से निकलना पड़ रहा है। न सिर्फ स्कूल बल्कि शहर में स्थित कई प्राइवेट कोचिंग संस्थाओं का समय भी सुबह सात बजे से है।


