सतना जिले के उचेहरा वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने शिकार की कोशिश को नाकाम कर दिया। उरईचुआ बीट में पैदल गश्त के दौरान दो संदिग्ध जंगल में घूमते मिले। पीछा करने पर एक आरोपी को लोड भरमार बंदूक के साथ पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण अभियान के तहत की गई। वन विभाग के अनुसार यह कार्रवाई उचेहरा वन परिक्षेत्र के उरईचुआ बीट के कक्ष क्रमांक पी-411 में हुई। टीम गश्त पर थी, तभी जंगल के भीतर दो लोग संदिग्ध हालत में नजर आए। संदेह होने पर टीम ने उन्हें रोका, लेकिन दोनों भागने लगे। एक आरोपी पकड़ा गया, दूसरा जंगल में भागा पीछा करने के दौरान रामखेलावन सेन पिता छोटेलाल सेन (50), निवासी रामपुर पाठा को पकड़ लिया गया। वहीं गणेश पिता राजू यादव (48), निवासी रामपुर पाठा मौके से फरार हो गया। रेंजर सचिन नामदेव ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने शिकार की नीयत से जंगल में घुसना स्वीकार किया। उसके पास लोड भरमार बंदूक मिली, जिसमें पोटाश और बारूद भरा हुआ था। फरार आरोपी की तलाश में दो टीमें गठित वन विभाग ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए दो टीमों का गठन किया गया है। कार्रवाई वनमंडल अधिकारी मयंक चांदीवाल के निर्देश पर चल रहे सघन अभियान के तहत की गई।


