मुरैना में चंबल की रेत से भरा डंपर जब्त:वन विभाग की देर रात कार्रवाई; वाहन राजसात करने की प्रक्रिया शुरू

मुरैना वन विभाग की टीम ने सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात चंबल नदी से अवैध रेत का परिवहन करते हुए एक डंपर को पकड़ा है। टीम ने मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त डंपर और रेत की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई गई है। वन विभाग ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर डंपर को राजसात (सरकारी कब्जे में लेना) करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान रात करीब 1 बजे टीम को पिपरई घाट की तरफ से एक पीला डंपर (MP07 HB 5955) आता दिखाई दिया। टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसमें चंबल का अवैध रेत भरा हुआ था। पूछताछ में चालक ने अपना नाम उमाचरण (32), पुत्र आशाराम निवासी ग्राम धनेला (थाना नूराबाद) बताया। वह रेत से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेश होगा आरोपी, वन्य जीव अधिनियम में केस देवरी घड़ियाल सेंचुरी के अधीक्षक श्याम सिंह चौहान ने बताया कि पिपरई घाट से चंबल नदी से अवैध उत्खनन कर रेत का परिवहन किया जा रहा था। आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आज उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही, जब्त वाहन को राजसात करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *