रतलाम जिले के प्रभारी एवं जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के बयान को लेकर इंदौर शहर महिला कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए प्रदर्शन किया और शाह का पोस्टर फूंका। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंत्री शाह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। शाह ने रतलाम में एक बैठक में लाड़ली बहनों को लेकर अपमानजनक बयान दिया था। शाह ने कहा था कि ‘सरकार 1500 रुपए के हिसाब से करोड़ों रुपए दे रही है। तो दो साल में एक बार धन्यवाद तो बनता है। भोजन हम करा देंगे। जो नहीं आएंगी, फिर देखते हैं…। जिनके ढाई-ढाई सौ रुपए बढ़ रहे हैं, उनकी जांच करेंगे। किसी का आधार लिंक नहीं है तो जांच थोड़ी पेंडिंग कर देंगे। मतलब वो पेंडिंग हो ही जाएंगी।’ दरअसल, मंत्री मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी कर रहे थे। जिसमें लाड़ली बहनों को बुलाने की योजना है। एफआईआर की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा इस बयान को कांग्रेस ने लाड़ली बहनों का अपमान बताया है। प्रदेश महासचिव महिला कांग्रेस एवं वार्ड क्रमांक 45 की पार्षद सोनिला मिमरोट भाटिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता MIG थाना पहुंचीं, जहां थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मंत्री विजय शाह के विरुद्ध FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की। सोनिला मिमरोट भाटिया ने कहा कि “लाड़ली बहना योजना प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ी है। एक जिम्मेदार मंत्री द्वारा महिलाओं के लिए इस तरह की अमर्यादित भाषा निंदनीय ही नहीं, संविधान और कानून का खुला उल्लंघन है। महिला कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र FIR दर्ज कर ठोस कार्यवाही नहीं की गई, तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहते हुए उग्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं न्यायालय की शरण लेने के लिए बाध्य होगा। मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें रीना बौरासी सेतिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि मंत्री विजय शाह से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए। उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। भविष्य में किसी भी मंत्री द्वारा महिलाओं के खिलाफ इस तरह की भाषा पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि महिलाओं को लेकर मंत्री विजय शाह का यह पहला बयान नहीं है। वे कर्नल सोफिया को लेकर भी बयान दे चुके हैं।


