उमरिया जिले में धान उपार्जन का कार्य लगातार जारी है। 1 दिसंबर से शुरू हुई खरीदी के 15 दिनों में 44 केंद्रों पर 5,460 किसानों से कुल 32,601.3 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। अधिकारी लगातार खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। 22,155 किसानों ने स्लॉट बुकिंग सहायक आपूर्ति अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि जिले में धान उपार्जन के लिए कुल 27,949 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 22,155 किसानों ने स्लॉट बुकिंग की है। स्लॉट प्रणाली के कारण खरीदी केंद्रों पर व्यवस्था सुचारु बनी हुई है और किसानों को अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। किसानों को भुगतान भी तेजी से किया जा रहा है। जेआईटी पोर्टल के माध्यम से अब तक 11.41 करोड़ रुपए की राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी जा चुकी है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर प्राप्त हो। धान खरीदी के साथ-साथ परिवहन कार्य भी तेजी से चल रहा है। अब तक कुल खरीदे गए धान का लगभग 50 प्रतिशत परिवहन पूरा कर लिया गया है, जिससे उपार्जन केंद्रों पर भंडारण की समस्या नहीं आ रही है।हालांकि, कुछ किसानों को केंद्रों पर कर्मचारियों की कमी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की संख्या बढ़ाएं किसान राजेश ने बताया कि अधिक संख्या में किसानों के आने से तौल और अन्य कार्यों के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह स्थिति लगभग सभी केंद्रों पर है। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार खरीदी केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और धान उपार्जन का कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार सुचारु रूप से संपन्न हो सके।


