बांसवाड़ा में सड़क पर अचानक नीलगाय आने से ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। हादसे ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा भुंगड़ा थाना क्षेत्र के वाडगुन गांव में रविवार देर शाम हुआ। ईंटें भरकर जा रहा था ट्रैक्टर, अचानक सामने आई नीलगाय भुंगड़ा थानाधिकारी रमेशचंद्र ने बताया- भोम पाड़ा का रहने वालो शंकर (24) पुत्र बदिया रविवार देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटें भरकर जा रहा था। वाडगुन गांव के पास रास्ते में अचानक एक नीलगाय सामने आ गई। नीलगाय से टकराते ही ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से शंकर को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर भुंगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए बांसवाड़ा के महात्मा गांधी (एमजी) हॉस्पिटल भिजवाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित एमजी अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद शंकर को मृत घोषित कर दिया। सोमवार शाम को परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


