जैसलमेर के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को घना कोहरा छाया, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। जिले के लाठी कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार दूसरे दिन शरद ऋतु का पहला घना कोहरा छाया। सुबह होते ही पूरे इलाके में कोहरे की मोटी चादर फैल गई, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम रही। सड़कों पर कोहरे का असर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर वाहनों की गति काफी धीमी रही। दोपहिया और चारपहिया गाड़ियों के ड्राइवरों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण सड़क किनारे लगे संकेतक भी स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहे थे, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रही। सिंगल डिजिट पर पहुंचा पारा 6 दिन बाद रात का पारा फिर से सिंगल डिजिट पर पहुंच गया। दो दिन में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को दिन व रात के पारे में 1-1 डिग्री की गिरावट हुई। अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का पारा सामान्य से 0.5 डिग्री और रात का पारा सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। दिन व रात के पारे में 16 डिग्री का अंतर रहा। कोहरे और सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन कोहरे के साथ चली सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ठंड का असर इतना अधिक रहा कि अलसुबह लोग घरों से निकलने में हिचक रहे थे। सुबह करीब छह बजे तक हल्की धुंध थी, लेकिन कुछ ही समय में कोहरा घना हो गया। इसका सबसे अधिक असर सड़कों पर दिखा। घने कोहरे और ठंड के चलते दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिकों को विशेष परेशानियों का सामना करना पड़ा। काम पर जाने में देरी हुई और खुले में काम करने वालों के लिए ठंड झेलना मुश्किल हो गया। बाजारों में भी सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहा, जो सामान्य दिनों की तुलना में काफी देर से टूटा। अस्पतालों में बढ़े सर्दी-जुकाम के मरीज ठंड बढ़ने का असर स्वास्थ्य पर भी दिखा। स्थानीय अस्पतालों और क्लीनिकों में सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ। डॉक्टरों के अनुसार बदलते मौसम और गिरते तापमान के कारण लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाने की सलाह दी गई है। किसानों के लिए राहत लगातार गिरते न्यूनतम तापमान के कारण सुबह और शाम ठंड का प्रकोप अधिक महसूस हो रहा है। लोग ऊनी कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। वहीं किसानों के लिए यह कोहरा रबी फसलों के लिए लाभदायक माना जा रहा है, जिससे खेतों में नमी बनी रहेगी। अगले सप्ताह से कड़ाके की ठंड की संभावना मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह से देशभर में कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना है। इस सर्दी का पहला बड़ा पश्चिमी विक्षोभ 17 दिसंबर को हिमालयी राज्यों में पहुंचेगा। इसके असर से 18 से 20 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अच्छी बर्फबारी होने की संभावना है। 21 और 22 दिसंबर को पहाड़ों से बादल हटते ही तापमान तेजी से गिर सकता है। उत्तर से चलने वाली ठंडी हवाएं यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्य भारत तक पहुंचेंगी। ——– ये खबर भी पढ़ें ….
जैसलमेर में रात का पारा 2.7 डिग्री नीचे पहुंचा:सीजन का पहला घना कोहरा छाया, विजिबिलिटी हुई कम जैसलमेर में सप्ताह भर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। सोमवार को सीजन का पहला घना कोहरा छाया। शहर सहित नहरी क्षेत्र रामगढ़, मोहनगढ़ व नाचना में कोहरा छाया। इस दौरान विजिबिलिटी बहुत कम हो गई। कोहरे के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा वहीं कम विजिबिलिटी के कारण गाड़ियों की रफ़्तार भी धीमी पड़ गई। लोग अलाव जलाकर खुद को सर्दी से बचाने का जतन करते देखे गए।
(खबर पढ़ें)


