अजमेर नगर निगम की ओर से अवैध अतिक्रमण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। निगम की टीम ने आज सुबह सुभाष नगर में बिना स्वीकृति व्यवसायिक गतिविधि करने पर कांग्रेस नेता की पांच दुकानों को सीज किया। इस दौरान निगम अधिकारियों और दल को विरोध का सामना भी करना पड़ा। कांग्रेस नेता ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप भी लगाए। XEN साउथ आकांक्षा सोनी ने बताया कि सुभाष नगर में बिना स्वीकृति के व्यवसायिक गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। आज अधिकारियों के आदेश अनुसार पांच दुकानों को सीज किया गया है। विरोध के सवाल पर सोनी ने कहा कि उनकी खुद की दुकानें हैं, तो विरोध जाहिर है। मालिक की ओर से व्यवसायिक स्वीकृति नहीं ली गई है। जिसको देखते हुए यह कार्रवाई की गई। सबसे पहले देखें कार्रवाई की कुछ PHOTO’S….. कार्रवाई का कांग्रेस नेता ने किया विरोध
कांग्रेस नेता उमेश सिंह राठौड़ ने बताया कि सुभाष नगर नारीशाला रोड पर उनकी दुकान हैं। करीब 40 साल से यह दुकान बनी हुई है। दुकानों के सभी डॉक्यूमेंट उनके पास मौजूद है। लेकिन इसके बावजूद भी निगम अधिकारी दुकानों को अवैध बता रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस से जुड़े होने के कारण उनकी दुकानों को सीज किया गया है। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं से पैसे लेकर उनकी दुकानों को छोड़ दिया जा रहा है। नाजायज रूप से परेशान किया जा रहा है। राठौड़ ने आरोप लगाया कि उनसे भी अधिकारियों द्वारा पैसों की डिमांड की गई लेकिन नहीं देने पर यह कार्रवाई की गई। राजस्थान में बीजेपी का राज है, इसलिए कांग्रेस पर कार्रवाई हो रही है।


