सागर की बंडा पुलिस ने सोमवार को वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 17 मोटरसाइकिलें और एक बोलेरो जब्त की है। ये आरोपी सागर के अलावा छतरपुर और दमोह जिलों में भी वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक, 15 दिसंबर को वार्ड क्रमांक-10 निवासी रामबिहारी लोधी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी बाइक सेंट जोसेफ स्कूल के गेट के बाहर से चोरी हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की सूचना पर जैसीनगर निवासी संदेही रवि अहिरवार को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी कबूल कर ली और अपने तीन अन्य साथियों के नाम भी उगल दिए। सागर-छतरपुर में एक्टिव था गैंग, 4 आरोपी अरेस्ट रवि की निशानदेही पर पुलिस ने रमेश अहिरवार (शाहगढ़), देवेंद्र यादव (शाहगढ़) और घनश्याम यादव (छतरपुर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह सागर, छतरपुर, दमोह और आसपास के जिलों में सक्रिय था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से छिपाकर रखी गई गाड़ियां बरामद कीं। किसके पास से क्या मिला? टीआई बोलीं- पूछताछ जारी है बंडा थाना प्रभारी अंजलि उदेनिया ने बताया, “कार्रवाई में 4 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 17 बाइकें, एक बोलेरो और एक मोबाइल जब्त किया है। आरोपियों से अन्य चोरी के मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।”


