रेलमगरा में मेवाड़ रेगर महासभा संस्थान मातृकुंडिया की ओर रेलमगरा उपखण्ड अधिकारी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर सामुदायिक भवन (सराय) के उपयोग की मांग की गई। अवैध रूप से रोके गए सामाजिक उपयोग को बहाल कराने की मांग की गई है। महासभा ने भवन पर अवरोध उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई है।ज्ञापन में बताया गया कि रेलमगरा छोटा रेगर मोहल्ला में स्थित यह सामुदायिक सराय पूर्व में ग्राम पंचायत रेलमगरा द्वारा निर्मित करवाई गई थी। लंबे समय से समाजजन इस सराय का उपयोग सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों एवं धार्मिक आयोजनों के लिए करते आ रहे हैं। सराय परिसर में हनुमानजी का स्थान भी स्थित है, जहां नियमित रूप से पूजा-अर्चना की जाती है। महासभा का कहना है कि सराय की चारों दिशाओं में सार्वजनिक रास्ते एवं अन्य सार्वजनिक स्थल मौजूद हैं, इसके बावजूद कुछ व्यक्तियों द्वारा समाज के लोगों को सराय के उपयोग से रोका जा रहा है। इससे समाज में रोष व्याप्त है और सामाजिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हो रही है। प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सराय का पूर्ववत सामाजिक उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा अवैध अवरोध उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।


