19 में से 14 जगह चार्जिंग स्टेशन लगाए जा चुके, 160 महिलाओं को ​दिलाए पिंक ऑटो

भास्कर न्यूज | अमृतसर नगर निगम ने शहर की आबो हवा सुधारने को लेकर 2023-24 में 1200 ई-ऑटो बेचने का टारगेट पूरा करने के साथ 160 महिलाओं को पिंक ऑटो दिलाकर आत्मनिर्भर बनाया है। वहीं 19 में से 14 जगह चार्जिंग स्टेशन लगाए जा चुके हैं। मगर शहर में अभी भी करीब 70 हजार डीजल वाले ऑटो चल रहे हैं। जिस तरह की स्पीड है उससे लगता है कि पूरे शहर में डीजल ऑटो को ई-ऑटो में कन्वर्ट करने के लिए 50 साल लग जाएंगे। चंडीगढ़ की तरह सख्ती से डीजल ऑटो पर बैन लगा दिया जाए तो 2 साल में ही ई-ऑटो सड़कों पर नजर आने लगेंगे। ^शहर को स्वच्छ बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ई-ऑटो के लिए जो भी टारगेट गुरुनगरी को दिए गए थे, पूरे कर लिए गए हैं। पिंक ऑटो पर 90 फीसदी सब्सिडी महिलाओं को दी गई, जिसका अच्छा रिस्पांस रहा है। महिलाओं का रुझान भी इस तरफ बढ़ा है। जिससे वह आत्मनिर्भर बन रही हैं। नया प्रपोजल तैयार किया जा रहा है, जो जल्द ही सरकार को भेज दी जाएगी। जो भी टारगेट मिलेगा तय समय पर पूरा करवाएंगे। 5 चार्जिंग स्टेशन लगाने को बचे हैं जिन्हें जल्द लगा दिया जाएगा। – सुरिंदर सिंह, एडिश्नल कमिश्नर नगर निगम 2018 में प्रोजेक्ट के तहत 1.25 लाख की सब्सिडी के साथ 7440 ई-ऑटो बेचने का टारगेट दिया गया। मगर 2022 में प्रोजेक्ट को लांच करने के बाद 60 ई- ऑटो ही बिक पाए। जिसे आगे बढ़ाने के लिए राही प्रोजेक्ट के अधीन डीजल ऑटो को ई-ऑटो में कन्वर्ट कराने के लिए 4 मेंबरी टीम गठित की गई। जिसके बाद टीम ने 1200 ऑटो बेचने का टारगेट तो पूरा किया ही सितंबर-2023 में 200 पिंक ऑटो 90 फीसदी सब्सिडी के साथ महिलाओं को दिए जाने का प्रपोजल बनाकर भेजा। जिसमें 40 ऑटो बेचे जाने का टारगेट जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। बता दें कि पिंक ऑटो उन महिलाओं के लिए लाया गया जो बेरोजगार-विधवा व जरूरतमंद होंगी। ई-ऑटो को लेकर शुरूआत में मुश्किलें आ रही थीं कि चार्जिंग की सुविधा नहीं हैं। जिसके बाद ट्रस्ट व निगम ने शहर में 19 जगह पर चार्जिंग स्टेशन बनाने का प्लान तैयार किया, जिसमें अब सिर्फ 5 ही लगाने रह गए हैं। चार्जिंग शुल्क 2 रुपए प्रति किलोवाट रखा गया है। चालक चाहे जितनी देर तक इसी दर से चार्ज कर सकते हैं। चार्जिंग सिस्टम को लेकर टेंडर अडानी टोटल एनर्जी कंपनी को दिया गया है। वहीं नीले ई ऑटो पर 15 करोड़ और तो पिंक के लिए 6.66 करोड़ सब्सिडी दी जानी थी। जिसमें 11.72 करोड़ रुपए की सब्सिडी नीले ऑटो तो पिंक के लिए 3.12 करोड़ रुपए की सब्सिडी दी जा चुकी है। प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए प्रपोजल तैयार किया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट जल्द ही सरकार को भेजी जाएगी। नया टारगेट आने के बाद जरूरत के हिसाब से चार्जिंग प्वाइंट बढ़ाए जा सकते हैं। गुरु नानक मार्केट, गुरु नानक भवन पार्किंग, जोन-8 छेहर्टा, कोट खालसा ट्यूबवेल, रांझे दी हवेली, बैक साइड रेलवे स्टेशन, एमसीए ह्वीकल वर्कशॉप, जीए इंटरनेशनल स्कूल, बेरीगेट नियर थाना डी डिवीजन, रेलवे स्टेशन चुंगी, 40 खूह, राम तलाई चौक, बुलारिया पार्क और कंपनी बाग में चार्जिंग स्टेशन लग चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *