भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना ए डिवीजन की पुलिस ने आल इंडिया पिंगलवाड़ा चेरिटेबल संस्था के मुख्य ब्रांच के अकाउंट विभाग से 9.20 लाख रुपए की चोरी करने वाले आरोपी को काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान शशि कुमार के रूप में हुई है। आरोपी इसी संस्था में रह रहा था, जिसने मंगलवार रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पिंगलवाड़ा ब्रांच में पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए आरोपी को काबू किया। संस्था की प्रधान डॉ. इंद्रजीत कौर ने बताया कि स्ट्रांग रूम में लोहे का गेट लगाया गया है और पैसे हर दूसरे दिन बैंक में जमा करवा दिए जाते हैं। लेकिन पिछले दिनों बैंक बंद थे और पैसे रूम के ड्रावर में पड़े थे। चोर को शायद इसकी जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद उसने कमरे की कुंडी को ही काट दिया और रुपए चुरा लिए। डॉ. इंद्ररजीत कौर ने बताया कि चोर पहले भी कई बार छोटी मोटी चोरियां करता था और उन्हें इसकी जानकारी थी। एसएचओ ने बताया कि आरोपी को काबू करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


