भास्कर न्यूज | अमृतसर जिले के थानों पर ग्रेनेड हमलों का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। इस्लामाबाद पुलिस थाना पर ग्रेनेड हमले के 15 दिन के बाद विदेश बैठे खालिस्तानी आतंकवादी हैप्पी पशियां ने अब गुमटाला पुलिस चौकी को टारगेट कर बाहर ग्रेनेड धमाका करवा दिया है। हैप्पी पशियां ने इसकी जिम्मेदारी बब्बर खालसा इंटरनेशनल अकाउंट के जरिए पोस्ट डालकर ली है। वहीं एसीपी शिव दर्शन का कहना है गुमटाला पुलिस चौकी में तैनात एएसआई हरजिंदर सिंह की गाड़ी चौकी के बाहर खड़ी थी। रेडिएटर हीट होने से फट गया, जिसकी आवाज आई है। उन्होंने यह भी कहा कि बम ब्लास्ट नहीं हुआ यह अफवाह है। भले ही ली जिम्मेदारी में हैप्पी पशियां ने कहा कि बीते दिनों पुलिस की ओर से उसके 2 भाइयों को उठाकर फेक एनकाउंटर किया गया, एक भाई का पैर काटा गया । उसका बदला लिया गया है, तो इसमें आशंका जाहिर हो रही है, क्योंकि बुधवार को एनआईए हैप्पी पशियां पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित करते हुए 27 कनाल 16 मरले की प्रॉपर्टी को कुर्क किया गया और पिछले दिनों हुए धमाके को देखते हुए कोर्ट ने वीरवार के दिन एनआईए को हैप्पी पशियां की गिरफ्तारी वारंट निकाल दिया है, जिसके कारण यह धमाका करवाया गया है। क्योंकि 24 नवंबर की दरमियानी रात पशियां ने थाना अजनाला के बाहर आईईडी रखवाई थी, जो किसी कारण फटा नहीं और जिम्मेदारी लेने के बाद पुलिस ने अगले ही दिन पशियां की मां और बहन पर केस दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया था। इसके बाद लगातार थानों पर धमाके करवाए।


