हनुमानगढ़ में एथेनॉल प्लांट के विरोध में बुधवार को होने वाली किसान महापंचायत को कांग्रेस ने समर्थन देने की घोषणा की है। संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया ने मंगलवार को सर्किट हाउस में एक प्रेस वार्ता के दौरान यह ऐलान किया। विधायक पूनिया ने टिब्बी में हुई घटना के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि किसान 4 किलोमीटर पैदल चलकर टिब्बी से राठीखेड़ा फैक्ट्री तक पहुंच गए, लेकिन जिला कलेक्टर बातचीत के लिए नहीं पहुंचे। पूनिया ने अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश में अफसरशाही के हावी होने का प्रमाण है। पूनिया ने राज्य सरकार के दो साल के कार्यकाल के जश्न पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा है और सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। राठीखेड़ा में एथेनॉल प्लांट के मामले में प्रभारी मंत्री ने भी किसानों से बात नहीं की। उन्होंने हनुमानगढ़ के भाजपा नेताओं की किसानों से बात करने की योग्यता पर सवाल उठाया, क्योंकि संघर्ष समिति से बातचीत के लिए दूसरे जिले के नेता आ रहे हैं। एथेनॉल प्लांट के एमओयू को कांग्रेस के कार्यकाल में होने की बात पर पूनिया ने कहा कि क्या वर्तमान सरकार इसे रद्द नहीं कर सकती? उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। अभिमन्यु पूनिया ने मांग की कि राठीखेड़ा में एथेनॉल प्लांट रद्द किया जाए, किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और टिब्बी घटना के दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी कि इन मांगों के पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा और यदि इसमें कोई नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, नोहर पंचायत समिति के निवर्तमान प्रधान सोहन ढील, अनिल खीचड़ और अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।


