राजस्थान सरकार के दो साल पूरे होने पर ‘नव उत्थान-नई पहचान, बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सूचना केंद्र में जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। जिसमें श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी, जिला कलेक्टर डॉ. मंजू, एसपी डॉ. अमृता दुहन, भाजपा जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह सहित अनेक अधिकारियों का जनप्रतिनिधियों ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। विधायक बिहाणी ने कहा- राजस्थान में पिछले 2 वर्षों में हर क्षेत्र में विकास हुआ है। समाज के सभी वर्गों को इसका लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां सभी को फायदा पहुंचा रही हैं। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने दिव्यांगों को स्कूटी वितरित की। इसके बाद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी और स्टॉल्स का अवलोकन किया। प्रदर्शनी उद्घाटन के बाद राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने शिक्षिकाओं के साथ इसका अवलोकन किया। केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और मेगा परियोजनाओं की जानकारी ली और नोट्स बनाए।


