झालावाड़ कलेक्टर सहित अधिकारियों ने की कार्यालयों की सफाई:अभियान में कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई

झालावाड़ में राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को जिला मुख्यालय पर एक व्यापक कार्यालय स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान की शुरुआत जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के नेतृत्व में हुई। जिला कलेक्टर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। अभियान के तहत जिला कलेक्ट्रेट सहित सभी जिला स्तरीय कार्यालयों के कार्यस्थलों, गलियारों, रिकॉर्ड कक्षों और पूरे परिसर की गहन सफाई की गई। लंबे समय से जमा अनुपयोगी और अप्रचलित फाइलों, दस्तावेजों तथा अन्य सामग्रियों को छांटकर हटाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने कक्षों, डेस्क, अलमारियों और फाइलों को व्यवस्थित कर कार्यालयों को स्वच्छ और कार्य के अनुकूल बनाया। पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के उचित उपयोग को ध्यान में रखते हुए, एक तरफ मुद्रित कागजों को अलग से इकट्ठा किया गया ताकि उनका पुन: उपयोग किया जा सके। इसके अतिरिक्त, पुराने और अनुपयोगी फर्नीचर, लैपटॉप, डेस्कटॉप, प्रिंटर जैसे ई-कचरे और अन्य डिजिटल उपकरणों के नियमानुसार निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नियमित आदत और कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्यालय न केवल कार्यक्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि एक सकारात्मक प्रशासनिक वातावरण भी निर्मित करते हैं। उन्होंने सभी कार्यालयों में रिकॉर्ड्स की समय-समय पर समीक्षा और समय पर छंटनी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली स्वच्छता बनाए रखने की शपथ
अभियान के समापन पर जिला कलेक्टर द्वारा मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय एवं आसपास के परिसरों में नियमित स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण-संवेदनशील कार्यस्थल बनाए रखने का संकल्प लिया।जिले में सभी राजकीय कार्यालयों, विद्यालयों, चिकित्सा संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य सरकारी भवनों में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *