अनूपपुर में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अर्चना कुमारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना और आवास प्लस के तहत स्वीकृत आवासों के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान, सीईओ ने स्वीकृत आवास राशि का गलत उपयोग करने वाले हितग्राहियों से वसूली के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन हितग्राहियों ने काम शुरू नहीं किया है, उनकी जनपद स्तर पर पेशी कराई जाए और उनके बैंक खातों में होल्ड लगाने की कार्रवाई की जाए, ताकि वे सरकारी राशि का दुरुपयोग न कर सकें। सीईओ ने पंचायत समन्वय अधिकारियों को अपने क्षेत्र के हितग्राहियों की सूची तैयार करने और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि सभी पंचायत समन्वय अधिकारी प्रधानमंत्री जन मन आवास योजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान, मैदानी स्थिति की जानकारी प्रदर्शित नहीं करने वाले पंचायत समन्वय अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश जिला पंचायत परियोजना अधिकारी (आवास) को दिए गए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित शिकायती प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने 50 दिन से अधिक पुरानी शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने और लंबित शिकायतों को संतुष्टिपूर्वक बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 20 तारीख को सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग निर्धारित की जाती है, इसलिए उससे पहले शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।


