सीहोर में देर रात ढाबे के पास अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है। घटना सोमवार रात करीब साढ़े बारह बजे चौपाल सागर व्यास पेट्रोल पंप के पास स्थित ढाबे के बाहर मुगीसपुर क्षेत्र में हुई। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान गंज थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी विनोद पिता सोहनलाल खुराना (30) और गंज मोहल्ला निवासी पवन पिता दीवान सिंह दोहरी (24) के रूप में हुई है। दोनों को पहले जिला अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया। मामूली विवाद के बाद हमला पुलिस के अनुसार दोनों युवक ढाबे पर खाना खा रहे थे, तभी किसी बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर ढाबा संचालक ने उन्हें वहां से जाने को कहा। ढाबे से बाहर निकलते ही अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस जांच में जुटी मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर ने बताया कि मामले में धारा 296, 118(1), 351(3), 3(5) और 109 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।


