शाजापुर शहर के वार्ड क्रमांक 10 स्थित मंसूरी कॉलोनी की महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि क्षेत्र में नल की पाइपलाइन बिछाए जाने के आठ साल बाद भी उन्हें अब तक नल कनेक्शन नहीं मिले हैं। महिलाओं ने बताया कि नल कनेक्शन न मिलने के कारण उन्हें पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह समस्या पिछले आठ वर्षों से बनी हुई है, जबकि पाइपलाइन काफी पहले ही डाल दी गई थी। शिकायत करने आई महिला सबीना बी ने जानकारी दी कि कॉलोनी में पाइपलाइन तो बिछाई गई है, लेकिन कनेक्शन देने के नाम पर कभी कॉलोनी को अवैध बताया जाता है, तो कभी यह कहा जाता है कि यह नगर पालिका क्षेत्र में नहीं आती। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने अपने मकान वैध करा लिए हैं, जबकि कई परिवार अभी भी इस प्रक्रिया से वंचित हैं। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं और समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हैं, लेकिन बाद में कोई सुनवाई नहीं होती। महिलाओं ने कलेक्टर के नाम दिए ज्ञापन में बताया कि उन्होंने नगरपालिका और वार्ड पार्षद से कई बार संपर्क किया, लेकिन उनकी समस्या पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था भी बदहाल बताई। महिलाओं ने प्रशासन से शीघ्र नल कनेक्शन उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।


