भिंड जिले के देहात थाना क्षेत्र के कीरतपुरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के सीने में गोली लगी है। घटना से ठीक पहले उसने अपने दोस्त को फोन कर रोते हुए सुसाइड करने की बात कही थी। सूचना मिलने पर पुलिस रात 3 बजे मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या और हत्या, दोनों एंगल से जोड़कर जांच कर रही है। मृतक की पहचान रविकेश तोमर (23) निवासी कीरतपुरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविकेश ने घटना से कुछ देर पहले अपने दोस्त शिवम को फोन किया था। वह फोन पर रो रहा था और कह रहा था कि वह अपनी जीवन लीला समाप्त करने जा रहा है। घबराए दोस्त ने तुरंत रविकेश के चाचा शिवजतन सिंह तोमर को सूचना दी। लेकिन रात करीब 1 बजे घर के पिछवाड़े बने प्लॉट से गोली चलने की आवाज आई। परिजन वहां पहुंचे तो रविकेश मृत पड़ा था। माता-पिता की हो चुकी मौत, भाभी के साथ रहता था रविकेश के माता-पिता का 5 साल पहले निधन हो चुका है। वह घर पर अपनी भाभी किरण के साथ रहता था, जबकि उसका बड़ा भाई हरिकेश हैदराबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली 315 बोर के अवैध हथियार से चलाई गई है, जो सीने में फंसी हुई मिली। हत्या या आत्महत्या? उलझी पुलिस पुलिस ने दोपहर 12 बजे शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के लिए यह मामला अभी उलझा हुआ है। रविकेश ने सुसाइड किया या उसकी हत्या हुई, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। अवैध हथियार कहां से आया, इसकी भी जांच की जा रही है।


