बस किराए की मनमानी से परेशान छात्राएं पहुंचीं थाने:SDOP से की शिकायत, बोलीं- परीक्षा के लिए कोचिंग की व्यवस्था भी करा दो

कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र की छात्राएं बस कंडक्टरों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायत लेकर थाने पहुंचीं। उन्होंने ढीमरखेड़ा थाना पहुंचकर एसडीओपी से लिखित शिकायत की। छात्राओं का आरोप है कि दूरस्थ गांवों से शासकीय महाविद्यालय आने वाली छात्राओं से बस कंडक्टर निर्धारित सरकारी दर से अधिक किराया ले रहे हैं। इससे ग्रामीण और गरीब पृष्ठभूमि की छात्राओं को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस किराए की समस्या के समाधान के साथ ही, छात्राओं ने एक और मांग रखी। उन्होंने थाना प्रभारी अभिषेक चौबे से अनुरोध किया कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कोचिंग और मार्गदर्शन की व्यवस्था की जाए। शिकायत के दौरान ढीमरखेड़ा भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष और ठिरी ग्राम पंचायत की सरपंच छवि गौतम भी छात्राओं के साथ मौजूद थीं। उन्होंने अधिकारियों को ठिरी गांव में अवैध शराब की बिक्री की समस्या से अवगत कराया। सरपंच गौतम ने बताया कि अवैध शराब की पेकारियों के कारण महिलाओं को छेड़खानी और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन गतिविधियों को तत्काल बंद करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने थाना प्रभारी अभिषेक चौबे को सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि महाविद्यालय की छात्राओं ने बस किराए को लेकर शिकायत की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बस संचालकों से तत्काल चर्चा कर छात्र-छात्राओं के लिए उचित और निर्धारित दर पर बस व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि छात्राओं द्वारा शैक्षणिक मार्गदर्शन (कोचिंग) की मांग स्वागत योग्य है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग समय-समय पर बच्चों को शिक्षा और जागरूकता से संबंधित आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *