बुरहानपुर में मंगलवार को आयोजित जन सुनवाई में एक पशुपालक परिवार ने भैंस और बछड़ा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार ने बताया कि यह उनकी दूसरी शिकायत है, क्योंकि पहले नामजद शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उन्हें दोबारा जन सुनवाई में अपनी बात रखने के लिए मजबूर होना पड़ा। महाजन कॉलोनी निवासी पशुपालक नंदलाल पिता राजपत यादव ने अपर कलेक्टर (एडीएम) वीर सिंह चौहान को लिखित आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर को एप्पल अस्पताल रोड स्थित भैरव मंदिर के पास खाली जमीन पर चर रही उनकी भैंस और एक बछड़े को तीन अज्ञात लोग चोरी कर ले गए। नंदलाल यादव का कहना है कि उन्होंने इससे पहले भी जन सुनवाई में शिकायत दर्ज कराई थी और चोरों के नाम भी बताए थे। इसके बावजूद पुलिस स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उन्हें दोबारा प्रशासन का दरवाजा खटखटाना पड़ा। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम वीर सिंह चौहान ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवार से कहा कि यदि सीसीटीवी फुटेज या कोई प्रत्यक्ष गवाह हो तो उसे जांच में प्रस्तुत करें। साथ ही, एडीएम ने पशुपालकों को अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह भी दी।


