दतिया के बड़ा बाजार स्थित गहोई वाटिका के पास निर्माणाधीन मार्केट के तलघर में बने खुले टैंक में गोवंश की मौत का मामला सामने आया है। सोमवार शाम हुई इस घटना का वीडियो देर रात सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। वीडियो में दावा किया गया है कि यह निर्माणाधीन मार्केट पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल का है। बताया जा रहा है कि अब तक करीब 12 पशु इसी टैंक में गिरकर डूब चुके हैं। कई पालतू जानवर इस तलघर में डूबे
वीडियो में यह भी सामने आया है कि मार्केट के तलघर का शटर दिनभर खुला रहता है और टैंक में पानी भरा होने के कारण आवारा और पालतू पशु उसमें गिर जाते हैं। गाय,सांड गधा सहित अन्य जानवर लगातार इस खुले टैंक का शिकार हो रहे हैं। चार दिन पहले भी एक गधा इसी टैंक में डूबकर मर गया था, जबकि सोमवार को एक सांड मृत अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि टैंक को ढकने या वहां किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। बार-बार हादसे होने के बावजूद निर्माण एजेंसी और नगर पालिका की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गोसेवकों और रहवासियों ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही खुले टैंक को बंद नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा या जनहानि भी हो सकती है। ऐसे में प्रशासन और नगर पालिका को तुरंत संज्ञान लेकर जरूरी सुरक्षा इंतजाम करना चाहिए।


