भिण्ड जिले में रेत माफिया की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। लहार एसडीएम विजय सिंह यादव पर रेत से भरे ट्रैक्टर से हमला किए जाने के मामले को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व लहार विधायक डॉ. गोविंद सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर जिले में अवैध रेत उत्खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। डॉ. गोविंद सिंह ने पत्र में लिखा है कि 15 दिसंबर 2025 को भिण्ड जिले के मिहोना बायपास मार्ग पर सुबह करीब 11 बजे रेत से भरे दो ओवरलोड ट्रैक्टर बिना रॉयल्टी के परिवहन किए जा रहे थे। इसी दौरान लहार एसडीएम विजय सिंह यादव कलेक्टर की बैठक में शामिल होने जिला मुख्यालय जा रहे थे। सरकारी वाहन छतिग्रस्त हुआ
एसडीएम द्वारा ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर एक ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे ट्रैक्टर चालक ने एसडीएम के वाहन पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि एसडीएम सुरक्षित रहे, लेकिन उनका सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भिण्ड जिले में प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर और भारी वाहन पुलिस की सांठ-गांठ से अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे हैं, जिससे शासन को भारी राजस्व हानि हो रही है। उन्होंने मिहोना क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां रेत माफिया खुलेआम सक्रिय है और शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग
डॉ. गोविंद सिंह ने अपने पत्र में सुझाव दिया है कि अवैध रेत परिवहन रोकने के लिए रेत खदानों पर खाई खोदी जाए और प्रमुख रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि माफिया पर निगरानी रखी जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस, खनिज विभाग और रेत माफिया के गठजोड़ की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि भिण्ड जिले में अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, अन्यथा भविष्य में इस तरह की घटनाएं किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।


